पहले मुझ से दिल लगाना जान-ए-जाँ
और फिर दिल तोड़ जाना जान-ए-जाँ
मैं वफ़ा तुम पर लुटा दूँगी सनम
बे-वफ़ाई तुम लुटाना जान-ए-जाँ
जाओ लेकर तुम मेरा सब कुछ मगर
जान लेकर के न जाना जान-ए-जाँ
तुम अगर तरसो किसी दिन प्यार को
पास मेरे लौट आना जान-ए-जाँ
दिल तुम्हें बहलाना हो तो तुम मेरा
दिल दुखाना दिल जलाना जान-ए-जाँ
याद है तुमको हमारा रेत पर
नाम लिखना फिर मिटाना जान-ए-जाँ
भूल जाना तुम ग़म-ए-फ़िरदौस को
तुम तो अपना घर बसाना जान-ए-जाँ
-फ़िरदौस
Read Full