तुम्हारे ग़म को मैं अपना चुका हूँ अब नहीं आना
मैं ज़ख़्मों पर नमक लगवा चुका हूँ अब नहीं आना
गई थी छोड़ कर जिस लड़के को तन्हा बहुत पहले
उसे तो मैं कहीं दफना चुका हूँ अब नहीं आना
बड़ी मुश्किल में जा कर दिल में ये दीवार बन पाई
मोहब्बत ईटों में चुनवा चुका हूँ अब नहीं आना
तुम्हारी याद के नाखु़न ख़रोचें हैं मिरे दिल को
ज़बान-ए-दिल को पर सिलवा चुका हूँ अब नहीं आना
मुसलसल चीख़ते तुम को बुलाते थक गया हूँ मैं
तुम्हारे नाम से उकता चुका हूँ अब नहीं आना
सुलग कर रात दिन दिल बन गया था हिज्र में शोला
मैं अब इस आग को भड़का चुका हूँ अब नहीं आना
डराती थी कभी मुझ को जो तन्हाई मैं दिल को अब
उसी की आँच पर धड़का चुका हूँ अब नहीं आना
हमारे दर्द का मरहम न कुछ और है न अब तुम हो
मैं चारासाज़ को दिखला चुका हूँ अब नहीं आना
कि शायद देख ना पाए तिरी आंँखें मिरी हालत
मैं ख़ुद को इस क़दर तड़पा चुका हूँ अब नहीं आना
अब आगे तो नहीं मुमकिन सुकूंँ को ढूंँढना अहमद
उसे कहना मैं पीछे जा चुका हूँ अब नहीं आना
Read Full