ana havas ki dukano men aa ke baith gaii | अना हवस की दुकानों में आ के बैठ गई

  - Munawwar Rana

अना हवस की दुकानों में आ के बैठ गई
अजीब मैना है शिकरों में आ के बैठ गई

जगा रहा है ज़माना मगर नहीं खुलतीं
कहाँ की नींद इन आँखों में आ के बैठ गई

वो फ़ाख़्ता जो मुझे देखते ही उड़ती थी
बड़े सलीक़े से बच्चों में आ के बैठ गई

तमाम तल्ख़ियाँ साग़र में रक़्स करने लगीं
तमाम गर्द किताबों में आ के बैठ गई

तमाम शहर में मौज़ू-ए-गुफ़्तुगू है यही
कि शाहज़ादी ग़ुलामों में आ के बैठ गई

नहीं थी दूसरी कोई जगह भी छुपने की
हमारी उम्र खिलौनों में आ के बैठ गई

उठो कि ओस की बूँदें जगा रही हैं तुम्हें
चलो कि धूप दरीचों में आ के बैठ गई

चली थी देखने सूरज की बद-मिज़ाजी को
मगर ये ओस भी फूलों में आ के बैठ गई

तुझे मैं कैसे बताऊँ कि शाम होते ही
उदासी कमरे के ताक़ों में आ के बैठ गई

  - Munawwar Rana

Khuddari Shayari

Our suggestion based on your choice

More by Munawwar Rana

As you were reading Shayari by Munawwar Rana

Similar Writers

our suggestion based on Munawwar Rana

Similar Moods

As you were reading Khuddari Shayari Shayari